ताज़ा ख़बरदेश

‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी के बेटे भागीरथ का आरोप, ‘राहुल गांधी का टिकट का वादा धोखा निकला’

गयाजी। ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी ने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में टिकट दिए जाने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। भागीरथ मांझी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”मुझे टिकट की उम्मीद थी। मैं चार दिन दिल्ली में रहा, लेकिन राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हो पाई। वहां पर मुझे कहा गया था कि टिकट मिलेगा, लेकिन सबको टिकट बांट दिया गया और हमें धोखा मिल गया। जब टिकट नहीं मिला तो वापस लौट आया।”

उन्होंने बताया कि पटना में राहुल गांधी से दो बार मुलाकात हुई थी। मैंने उनसे कहा था कि मेरे पिता ने 22 साल में जो रास्ता बनाया है, आप आकर देखिए। राहुल गांधी हमारे गांव आए, मेरे साथ बैठे, नारियल का पानी पिया और घाटी का रास्ता देखा। उन्होंने लौटते समय कहा कि इनका घर बनवा दो और कुछ दिन बाद मजदूर आए और घर बना दिया गया। हालांकि, भागीरथ मांझी ने कहा कि उसके बाद राहुल गांधी या कांग्रेस का कोई नेता हालचाल पूछने नहीं आया। उन्होंने कहा, ”अगर राहुल गांधी से मुलाकात हो जाती तो टिकट मिल जाता, लेकिन जब मैं दिल्ली गया तो राहुल गांधी विदेश में थे।”

उन्होंने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा, ”मेरे पिता के अधूरे कामों को नीतीश कुमार ने पूरा किया। उन्होंने सड़क, स्कूल, अस्पताल और थाना बनवाया। मेरे पिता की मृत्यु के समय नीतीश कुमार ने वादा किया था कि वह बाबा का अधूरा काम पूरा करेंगे और उन्होंने किया भी।’ भागीरथ मांझी ने राजनीतिक रुझानों पर पूछे गए सवाल पर कहा, ”जिसकी हवा रहेगी, उसी को वोट मिलेगा। जनता का निर्णय ही तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। हम किसी से नाराज नहीं हैं। न नीतीश कुमार से, न जीतनराम मांझी से।’ मांझी ने कहा कि गया और आसपास के इलाकों में आज भी गरीबी और बेरोजगारी बड़ी समस्या है। यहां रोजगार नहीं है, कॉलेज नहीं हैं, न ही कारखाने हैं। गरीबों के बच्चे कहां काम करेंगे? गरीबों की परेशानी दूर करने वाला कोई नहीं है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button