ताज़ा ख़बरदेश

सीएम चरणजीत चन्नी के पंजाब की दो सीटों से चुनाव लड़ने पर केजरीवाल ने कसा तंज, कहा- मैंने कहा था वो हार रहे हैं

कांग्रेस ने 20 फरवरी को होने जा रहे पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को आठ उम्मीदवारों की अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दी. कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को दो सीटों- भदौड़ और चमकौर साहिब सीट से उम्मीदवार बनाया है. सीएम चन्नी को दो सीटों से उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर तंज कसा है.

पंजाब चुनाव के लिए AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल की पार्टी ‘आम आदमी पार्टी’ भी रेस में है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैंने कहा था कि हमारे सर्वे के मुताबिक चन्नी जी चमकौर साहिब से हार रहे हैं. आज कांग्रेस ने एलान किया है कि वो (चन्नी) दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे.’ चन्नी ने पिछले साल (सितंबर में) पहली बार पंजाब में मुख्यमंत्री का शीर्ष पद संभाला था, जब कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को बर्खास्त कर दिया था. अमरिंदर सिंह ने राज्य के पार्टी प्रमुख नवजोत सिद्धू के साथ मतभेद के चलते अपना इस्तीफा दे दिया था. हालांकि बाद में उन्होंने ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ नाम से एक नई पार्टी का गठन कर लिया.

चन्नी-सिद्धू के संबंध कभी सहज नहीं रहे

नवजोत सिंह सिद्धू के नए मुख्यमंत्री चन्नी के साथ भी संबंध सहज नहीं रहे हैं क्योंकि दोनों में से कोई भी शीर्ष पद से हटने को तैयार नहीं है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा था कि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के साथ उतरेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं से परामर्श करने के बाद जल्द ही इस बारे में फैसला किया जाएगा. राहुल ने कहा था कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री पद के लिए जिस किसी उम्मीदवार का चयन किया जाएगा, उसका वे समर्थन करेंगे.

कांग्रेस को उम्मीद है कि वह इस बार पंजाब चुनाव में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को विश्वास व्यक्त किया था कि उनकी पार्टी पंजाब में 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी और भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगी. उन्होंने कहा था, ‘हम पंजाब में भारी बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएंगे.’ पायलट ने कहा, ‘वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी भावी मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ पंजाब में चुनाव लड़ेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं से सलाह लेने के बाद इस बारे में फैसला किया जाएगा.’

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button