देशबड़ी खबर

राहुल गांधी को इंदौर में बम से उड़ाने की धमकी, मिठाई की दुकान पर मिला धमकी भरा पत्र

इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी को इंदौर पहुंचने पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान पर धमकी भरा पत्र मिला है। स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच पत्र छोड़ने वाले की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित मिठाई की दुकान पर अज्ञात व्यक्ति ने उक्त धमकी भरा पत्र छोड़ दिया था, जिसे दुकान संचालक ने शुक्रवार की सुबह पुलिस को सौंपा है। पत्र में इंदौर के खालसा कॉलेज में भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी के रुकने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। डीसीपी (इंटेलीजेंस) रजत सकलेचा ने धमकी भरा पत्र मिलने की पुष्टि की है। पत्र उज्जैन से आना बताया जा रहा है। प्रेषित पत्र में एक विधायक का नाम लिखा होना बताया है।

पत्र में लिखा है कि 1984 में पूरे देश में भयंकर दंगे हुए। सिखों का कत्लेआम किया गया। इस महीने इंदौर में जगह-जगह भयानक बम विस्फोट होंगे। बम विस्फोटों से पूरा इंदौर दहल उठेगा। बहुत जल्द ही राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के समय कमलनाथ को भी गोली मार दी जाएगी। राहुल गांधी को भी राजीव गांधी के पास भेजा जाएगा। नवंबर के आखिरी सप्ताह में बस विस्फोटों से पूरा इंदौर दहल उठेगा। राजवाड़ा को खास निशाना बनाया जाएगा।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और यहां से यात्रा 24 नवंबर को इंदौर पहुंचेगी। इस दौरान राहुल गांधी 24 नवंबर को खालसा कॉलेज के स्टेडियम में रात्रि विश्राम करेंगे। पुलिस के अनुसार यह घटना शरारती तत्व की कारस्तानी हो सकती है। फिलहाल इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रति कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सभी वर्ग के लोग भारत जोड़ो यात्रा से सीधे जुड़ रहे हैं। मालवा अंचल में यात्रा पूरे शबाब पर रहेगी। हजारों की संख्या में युवा भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनेंगे। इंदौर में होने वाली राहुल गांधी की आमसभा में भी लाखों लोगों के जुटने की संभावना है लेकिन धमकी भरा पत्र मिलने के बाद शहर में हड़कम्प का माहौल बन गया है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button