ताज़ा ख़बरदेश

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ के बाद NIA की कई राज्यों में 20 जगहों पर छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से आज मंगलवार सुबह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से संबंधित कई लोकेशन पर छापेमारी की जा रही है. एनआईए की ओर से राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में भी बिश्नोई के कई करीबियों के ठिकानों पर रेड मारी जा रही है. लॉरेंस बिश्नोई को कुछ दिनों पहले ही पंजाब के जेल से दिल्ली स्थित एनआईए के मुख्यालय लाया गया था.

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से हुई पूछताछ के बाद आज यह सर्च ऑपरेशन की जा रही है. लॉरेंस को दिल्ली लाए जाने के बाद एनआईए की ओर से करीब 5 राज्यों में छापेमारी की जा रही है. बताया जा रहा है कि बिश्वोई के करीब 20 ठिकानों पर यह रेड मारी गई है.

बिश्नोई गिरोह के चार सहयोगी हुए थे गिरफ्तार

इससे पहले पंजाब के रूपनगर जिले में लारेंस बिश्नोई गिरोह के चार सहयोगी गिरफ्तार किए गए. जबकि इनका एक साथी भागने में कामयाब रहा. पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्टल, एक मैगजीन के अलावा 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कल सोमवार को गिरफ्तारी को लेकर यह जानकारी दी. रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शील सोनी ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के पास से तीन पिस्तौल और 22 कारतूस बरामद किए गए हैं.

खुफिया जानकारी के आधार पर कार्य करते हुए एक पुलिस अधीक्षक (जासूसी) मानविंदरबीर सिंह की अगुवाई वाले दल ने कुलदीप सिंह कारी, कुलविंदर सिंह टिंका, सतवीर सिंह शम्मी और बेअंत सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. एसएसपी ने कहा कि सभी चार आरोपी बिश्नोई गिरोह से जुड़े हैं. पुलिस ने बताया कि कारी, टिंका और शम्मी के खिलाफ पिछले महीने लुधियाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था.

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में बिश्नोई का नाम!

एसएसपी सोनी ने इस गिरफ्तारी पर बताया कि कारी, टिंका और शम्मी पर पहले ही लुधियाना के कुम्म कलां थाने में आईपीसी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया जा चुका है, जिसमें उन्होंने एक व्यक्ति को गोली मार दी थी. उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हुए हैं. आरोपियों को एक अदालत में पेश किया गया और उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड में ले लिया गया है. आरोपियों के खिलाफ मोरिंडा थाने में आईपीसी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने और सलमान खान को जान की धमकी देने की वजह से चर्चा में है. बिश्नोई को पंजाब का एक खतरनाक गैंगस्टर माना जाता है. बिश्नोई कई बार जेल जा चुका है. बताया जाता है कि बिश्नोई के पास करीब 700 शार्प शूटर हैं जो दुनियाभर में मौजूद हैं.

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button