ताज़ा ख़बरदेश

यूपी-दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू की मार से राहत नहीं, गोवा में बारिश को लेकर यलो अलर्ट

केरल से होते हुए मानसून महाराष्ट्र पहुंच चुका है, जिससे इन इलाकों में बारिश हुई है। यहां लोगों को भीषण गर्मी की मार से राहत मिली है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्य ऐसे हैं, जो गर्मी और लू अभी भी झेल रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को मानसून का इंतजार है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक लू के प्रकोप से राहत मिलने वाली नहीं है। बहुत जरूरी होने पर ही लोगों को घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। यूपी के लोग अभी भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। यहां मानसून के दस्तक देने का इंतजार है।

गोवा में आज बारिश को लेकर यलो अलर्ट

गोवा के कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां बारिश का सिलसिला आज भी जारी रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश भी हो सकती है। आईएमडी ने इन क्षेत्रों को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, गोवा में आज 64.4 एमएम से लेकर 115.5 एमएम तक बारिश हो सकती है। शनिवार को यहां 116.2 एमएम बारिश हुई थी।

दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक को छोड़कर बाकी सभी मौसम केंद्रों में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पूरे उत्तर पश्चिम भारत में गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं चलीं। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आईएमडी ने सोमवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा है कि 15-16 जून से भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान के कई जिलों में बारिश से तापमान में गिरावट

राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग के जिलों व पाली जिले में बारिश होने से दिन में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं अन्य जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार धौलपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस, करौली में 45.2 डिग्री, अलवर में 45 डिग्री, श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री, चूरू में 44.5 डिग्री, हनुमानगढ के संगरिया में 44.2 डिग्री और बीकानेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बांसवाडा व उदयपुर जिलों में एक दो स्थानों पर बारिश हुई। बांसवाडा के सलूंबर में 115 मिलीमीटर, उदयपुर में 111 मिलीमीटर, उदयपुर के सेवारी में 69 मिलीमीटर, उदयपुर के लोहारिया में 40 मिलीमीटर और पाली के मारवाड जंक्शन में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button