ताज़ा ख़बरदेश

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं रोहित वेमुला की मां, राहुल बोले- मन को नई शक्ति मिली

हैदराबाद। राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के 55वें दिन मंगलवार को हैदराबाद में प्रवेश किया। राहुल के साथ इस मार्च में शामिल होने वालों में हैदराबाद विश्वविद्यालय के दलित छात्र रोहित वेमुला की मां राधिका भी शामिल थीं। वेमुला की आत्महत्या के बाद 2016 में खूब विरोध प्रदर्शन हुए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने खुद हैदराबाद कैंपस का दौरा किया था। अब अपनी भारत जोड़ो यात्रा में रोहित वेमुला की मां के साथ मुलाकात के बाद राहुल ने उनकी तस्वीरें शेयर की हैं।

राहुल गांधी ने कथित उत्पीड़न के बाद 2016 में आत्महत्या करने वाले दलित छात्र रोहित वेमुला को सामाजिक भेदभाव और अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष का प्रतीक बताया। राधिका यात्रा के प्रातःकालीन चरण में गांधी के साथ कुछ समय के लिए चलीं। राधिका वेमुला ने ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा के प्रति एकजुटता दिखाई। राहुल गांधी के साथ चली और कांग्रेस से संविधान को भाजपा-आरएसएस (भारतीय जनता पार्टी-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के हमले से बचाने, रोहित वेमुला को न्याय दिलाने, रोहित अधिनियम पारित कराने, उच्च न्यायपालिका में दलितों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।’’

राहुल गांधी ने वेमुला की मां के साथ मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ‘‘ रोहित वेमुला सामाजिक भेदभाव और अन्याय के विरुद्ध मेरे संघर्ष का प्रतीक है और रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रोहित की माताजी से मिलकर यात्रा के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे कदमों को नया साहस और मन को नई शक्ति मिली।’’ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर और पार्टी के कई नेताओं ने अपने ट्विटर खातों पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राधिका वेमुला के गांधी के साथ चलने की तस्वीरें साझाा कीं। रोहित (26) की 17 जनवरी, 2016 को मौत हो गई थी। इस घटना ने उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिवाद के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया था।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button