खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

ICC ने पाकिस्तान को दिया तगड़ा झटका, भारत से हार के बाद लगाई थी गुहार

IND vs PAK: आईसीसी (ICC) ने एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान उठे ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की मांग को सख्ती से खारिज कर दिया है। पीसीबी ने मैच रेफरी एंडी पाइकॉफ्ट को हटाने की मांग की थी, लेकिन ICC ने आधिकारिक रूप से इस मांग को ठुकरा दिया। इस तरह भारत से करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान को एक और करारा झटका लगा है। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच के बाद ‘नो हैंडशेक’ विवाद ने जमकर सुर्खियां बटोरी थी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय टीम के इस व्यवहार के लिए विरोध दर्ज कराया था। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने बीती रात ही पाकिस्तान बोर्ड को इस फैसले से अवगत करा दिया था। पहले ही संभावना जताई जा रही थी कि ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी की इस मांग को स्वीकार नहीं करेगा।

पाकिस्तान को लगा झटका

दरअसल, पीसीबी इस बात से नाराज है कि पाइक्रॉफ्ट ने कथित तौर पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से मना किया था। पाकिस्तान का मानना था कि रेफरी का यह कदम भारत की ओर से लिया गया था। हालांकि, ICC ने अपने आधिकारिक पत्र में इस गलतफहमी को दूर किया। ICC ने स्पष्ट किया कि एशियन क्रिकेट काउंसिल के मैदान पर मौजूद अधिकारियों ने पाइकॉफ्ट को पहले ही बता दिया था कि टॉस के समय हैंडशेक नहीं होगा। इसलिए उनका फैसला भारत की ओर से लिया गया कदम नहीं था। ICC ने अब साफ कर दिया है कि पायकॉफ्ट पर किसी भी तरह का संदेह या सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है। अब पाइक्रॉफ्ट 17 सितंबर को UAE के खिलाफ पाकिस्तान के ग्रुप स्टेज के अंतिम मैच में रैफरी की भूमिका में होंगे।

क्या है पूरा मामला?

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को दुबई में मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनके खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया था। टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद जब मैच खत्म हुआ तो सूर्यकुमार समेत टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टॉफ पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के लिए मैदान पर नहीं आए। इस दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर ही टीम इंडिया का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए नहीं आया। इसके बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का दरवाजा भी बंद कर दिया गया। इस घटना का वीडियो तब से ही सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button