उत्तर प्रदेशगोरखपुरबड़ी खबरलखनऊ

गोरखपुर में पशु तस्करों ने छात्र की बेरहमी से की हत्या, ग्रामीणों के बवाल में SP घायल; CM ने दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर: इस वक्त की बड़ी खबर गोरखपुर से सामने आ रही है। यहां पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 साल के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं इस वारदात के बाद इलाके में बवाल मच गया है। स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। भीड़ ने जमकर आगजनी की जाम भी लगा दिया। इस पूरी घटना में एसपी नॉर्थ और पिपराइच थाना प्रभारी भी घायल हो गए हैं।

चोरी के इरादे से पहुंचे थे तस्कर

सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे तीन गाड़ियों से पशु तस्कर यहां गांव में पहुंचे। इसके बाद वह मवेशियों को खूंटे से खोलने लगे। गांव वालों ने शोर मचाया। इसी दौरान 19 साल का छात्र दीपक गुप्ता भी शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ा। तस्करों ने दीपक को पकड़कर जबरन डीसीएम में बैठा लिया और करीब एक घंटे तक घुमाने के बाद उसे गाड़ी से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पशु तस्करों ने युवक के शव को घर से 4 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया।

हत्या के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

इस घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने पशु तस्करों की डीसीएम को आग के हवाले कर दिया। हालांकि घटना के बाद पशु तस्कर दूसरे वाहन से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान बीच बचाव के दौरान SP नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनन्द सिंह घायल हो गए।

भारी पुलिस बल तैनात

मंगलवार की सुबह भी गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद मौके चार थानों की फोर्स और PAC तैनात की गई। पुलिस अधिकारी परिजनों को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। मृतक की पहचान दीपक गुप्ता (19) के रूप में हुई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस तस्करों की तलाश और हालात पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है।

एसएसपी ने दी जानकारी

गोरखपुर के एसएसपी राज करण नय्यर ने बताया, “हमें सुबह करीब 3 बजे सूचना मिली कि पशु तस्कर दो पिकअप वैन लेकर एक गांव में आए हैं। इस दौरान जब ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो एक गाड़ी गांव में फंस गई, जिसके लोग वहां से भाग गए और गांव के ही एक युवक ने दूसरी गाड़ी का पीछा किया, तस्कर उसे अपनी गाड़ी में डालकर ले गए और बाद में उसे गाड़ी से धक्का दे दिया। जिससे उसके सिर में चोट आई और सड़क पर गिरने से उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।”

एसएसपी ने कहा, “कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी थी कि गोली लगने से युवक घायल हुआ है। इसमें गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। हमारी पांच टीमें फिलहाल इसमें लगी हुई हैं। हमारी टीमें जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगी। गांव में तलाशी अभियान चल रहा है। एक पशु तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा है। उसका इलाज चल रहा है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को पत्थर लग गया। उसका इलाज चल रहा है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”

सीएम ने लिया संज्ञान

वहीं गोरखपुर में हुए मामले का सीएम योगी ने भी संज्ञान ले लिया है। सीएम योगी के कार्यालय की ओर से एक्स पर इस संबंध में एक पोस्ट कर जानकारी दी गई है। एक्स पर पोस्ट में लिखा,’मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने गोरखपुर में हुई दुखद घटना का संज्ञान लिया है। महाराज जी ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से संवाद करने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हेतु निर्देशित किया है।’

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button