उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

गरीब की झोपड़ी और ठेलों पर नहीं चलेगा बुल्डोजर, मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश

  • माफियाओं की अवैध सम्पत्ति और अवैध कब्जों पर ही चले बुल्डोजर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को गरीबों की झुग्गी-झोपड़ी और ठेलों पर बुल्डोजर नहीं चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बुल्डोजर सिर्फ माफियाओं, अपराधियों की काली कमाई वाली सम्पत्तियों और अवैध कब्जों पर ही चलाया जाए। मुख्यमंत्री का यह आदेश खास कर उन अफसरों के लिए है जो अपना नंबर बढ़ाने के चक्कर में हर जगह बुल्डोजर लेकर पहुंच जा रहे थे।

अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस तथा गरीबों के प्रति संवेदनशीलता योगी सरकार का पिछले पांच साल मूलमंत्र रहा है। दूसरी पारी में भी मुख्यमंत्री योगी इसी सिद्धांत के आधार पर कार्य कर रहे हैं। इस सरकार ने एक ओर जहां गरीब कल्याण योजनाओं को तेजी से लागू करना शुरू किया, वहीं दूसरी ओर अपराधियों पर लगाम कसने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। सरकार के गठन के साथ ही अपराधियों पर कार्रवाई शुरू हो गयी है।

सरकार का प्रभाव इससे समझ में आता है कि पिछले एक पखवारे में लगभग 80 अपराधी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। माफिया और अवैध कब्ज़ा किये लोगों में सरकार के बुल्डोज़र का खौफ है। इसी के परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अवैध संपत्तियों का बुल्डोजर चला के ध्वस्तीकरण करने की कार्रवाई सिर्फ पेशेवर माफिया, अपराधियों पर हो। किसी गरीब की झोपड़ी पर बुल्डोजर नहीं चलेगा। प्रदेश में माफियाओ और अपराधियों द्वारा अवैध रूप से बनाई गई इमारतों के ध्वस्तीकरण का कार्य लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गरीब की दुकान, मकान या झोपड़ी पर बुल्डोजर नहीं चलेगा। बल्कि यह सख्त कार्रवाई माफिया की अवैध संपत्ति पर ही की जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करने वालों पर त्वरित एक्शन लिया जाए। इस आदेश से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी कार्रवाई पर कोई शिकायत न आए। मतलब साफ है, यदि किसी अफसर ने बुल्डोजर से गरीब या सामान्य नागरिकों को परेशान किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवई होगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री को इस प्रकार के आदेश इसलिए देने पड़े क्योंकि प्रदेश कुछ अफसर अपना नंबर बढ़ाने के चक्कर में गरीबों पर भी बुल्डोजर दौड़ाने की मंशा पाल बैठे थे। बीते दिनों गाजियाबाद में एक गरीब के ठेले पर बुल्डोजर चलने की घटना ने सुर्खियां बटोरी थीं। मुख्मयंत्री के आदेश के बाद अब प्रदेश में ऐसा नहीं हो पाएगा। अपराधियों पर ही बुल्डोजर चलेगा।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button