उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

छठ पूजा : सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक, दिए निर्देश

लखनऊ। चार दिनों तक चलने वाली छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। छठ पूजा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा और सहूलियतों के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही सीएम ने अधिकारियों से पूजा स्थल पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आस्था के इस पर्व में प्रदूषण को बढ़ावा न मिले ये सुनिश्चित करना होगा। सीएम ने पूरे प्रदेश में घाटों की सुरक्षा और निगरानी करने के प्रभावी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी छठ महापर्व को ‘स्वच्छता और सुरक्षा’ के मानक पर्व के रूप में आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को एक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व पर पूजा/अनुष्ठान के दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता का माहौल हो, इसके लिए नगर विकास और पंचायती राज विभाग द्वारा विशेष प्रयास किये जायें। उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था का यथोचित सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि नदियां/जलाशय दूषित न हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक करें। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रात्रि 1-2 बजे से ही श्रद्धालुओं/व्रतियों का आवागमन प्रारंभ हो जाता है, ऐसे में हर जगह प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि नदी/जलाशय घाटों की साफ-सफाई करा लें और यातायात प्रबंधन भी किया जाए।

नगर विकास मंत्री, महापौर लखनऊ, कृषि उत्पादन आयुक्त, विशेष पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, प्रमुख सचिव नगर विकास, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी व नगर आयुक्त लखनऊ के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में छठ के बीच स्वच्छ्ता के दृष्टिगगत ‘स्वच्छ घाट’ प्रतियोगिता भी कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महापर्व के मौके पर आतिशबाजी की भी परंपरा है, ऐसे में यह ध्यान रखें कि भीड़ भाड़ के बीच आतिशबाजी न हो। सुरक्षा के दृष्टिगत सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाए। इस अवसर पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति होनी चाहिए।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button