उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

सरकार ने कोरोना काल में जीवन और आजीविका दोनों को बचाया: सीएम योगी

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक महामारी कोरोना के दौर में भारत की भूमिका और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना कालखंड में जान है, जहान की बात कही और उचित कदम उठाए। इसी का परिणाम है कि महामारी के बावजूद हमारी अर्थव्यवस्था सबसे तेज है। सरकार ने कोरोना काल में जीवन और आजीविका दोनों को बचाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जहां भारत के विकास का पहिया भी दौड़ा वहीं कई विकसित देशों ने घुटने टेक दिए थे।

मुख्यमंत्री रविवार को विश्व यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज-डे के अवसर पर सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय कम्युनिटी हेल्थ आफिसर्स कान्फ्रेंस को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों का स्वागत कर कोरोना काल में राज्य सरकार के कार्यों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में यूपी ने मॉडल पेश किया था। कोरोना काल में जीवन और जीविका दोनों को बचाया। सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है, हर वर्ग इससे लाभान्वित हुआ है। जन आरोग्य योजना से लोगों को लाभ मिल रहा है। मिशन इंद्रधनुष से टीकाकरण में तेजी आई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की योग परंपरा दूसरों के लिए प्रेरणादायी बनी हुई है। हमारी योग परंपरा को 200 देश फॉलो कर रहे हैं। सम्मेलन में उन्होंने काशी की महिमा का उल्लेख कर कहा कि काशी भगवान शिव की नगरी है, शिव का मतलब ही कल्याण होता है, काशी स्वाभाविक रूप से कल्याण की नगरी है। आध्यात्मिक नगरी हमारे पुरातन परम्परा को जोड़ने की नगरी है। इसी नगरी में भगवान धनवंतरी का जन्म हुआ।

सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तराखंड, झारखंड, सिक्किम, मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि, बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button