उत्तर प्रदेशहापुड़

हापुड़ में कचहरी के बाहर पेशी पर आए कैदी पर फायरिंग, मौत

हापुड़। यूपी के हापुड़ में कचहरी के गेट के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक कैदी की हत्‍या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मारे गए कैदी को हरियाणा से पेशी पर लाया गया था। फायरिंग की घटना में हरियाणा पुलिस का एक सिपाही भी घायल है। मिली जानकारी के अनुसार मारा गया कैदी लाखन हरियाणा के अन्नागपुर का रहने वाला था।

वह वर्ष 2019 में धौलाना क्षेत्र में हुई हत्या के आरोप में जेल में बंद था। मंगलवार को उसे पेशी पर हापुड़ कोर्ट लाया गया था लेकिन कोर्ट के गेट के पास ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना में लाखन के साथ ड्यूटी पर आया हरियाणा पुलिस का सिपाही घायल हो गया।

प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग की ये घटना तब हुई जब कैदी को पुलिस वैन से उतारा जा रहा था। ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटनास्‍थल पर गोली लगने से तड़प रहे कैदी को लेकर पुलिसकर्मी आनन-फानन में अस्‍पताल पहुंचे जहां थोड़ी देर बाद डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, गोली लगने से घायल सिपाही का इलाज चल रहा है।

कचहरी जैसे सुरक्षित क्षेत्र में इस तरह ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई है। मौके पर जिले के सभी बड़े पुलिस अफसर पहुंचे हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस सुत्रों का कहना है कि यह गैंगवार का मामला हो सकता है। पुलिस फायरिंग कर फरार हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। मारे गए कैदी के बारे में पूरी जानकारी कर हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button