उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

पार्टी में योग्य कार्यकर्ताओं की लंबी शृंखला, मैं भाग्य से बना अध्यक्ष: भूपेन्द्र सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि पार्टी में बहुत सारे योग्य कार्यकर्ता हैं। मेरी किस्मत थी कि मुझे अध्यक्ष बनाया गया। ऐसा नहीं है कि मैंने कुछ विशेष कर दिया है। पार्टी में बड़े पदों पर नहीं जा पाने वाले कार्यकर्ताओं में योग्यता की कमी नहीं है। उनकी एक लंबी शृंखला है।

भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मीडिया में विभिन्न प्रकार का विश्लेषण हुआ है और होगा, लेकिन भाजपा में कार्यकर्ता का आरक्षण है। आरक्षण का लाभ मुझे मिला है। पार्टी के सभी निर्णयों में कार्यकर्ता प्राथमिकता में रहा है। मंत्रिपरिषद, संगठन, निगम हों या शीर्ष पदों पर आगे करने की बात रही हो, कार्यकर्ता को ही दायित्व दिया गया। राजनीति से इतर देखें तो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर पार्टी का निर्णय सामने है।

किसी जाति-क्षेत्र की नहीं बल्कि भारतीयों की भाजपा

पिछड़ा विरोधी होने के विपक्षी दलों के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भाजपा को जाति और वर्ग में बांटकर देखना ठीक नहीं है। हमारी पार्टी में सभी जाति, धर्म और क्षेत्र के लोग पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। 20-30 साल पहले लोग भाजपा को लेकर ट्रेंड स्थापित करते थे कि हम उत्तर भारत की पार्टी हैं, सामान्य वर्ग की पार्टी तो कोई भाजपा को व्यापारियों की पार्टी बताता था। भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि गरीब और दलित विरोधी पार्टी होने के आरोप भी लगाते रहे हैं। आज हम पूर्वी भारत से लेकर सम्पूर्ण भारत में हैं। बंगाल में हम मुख्य विपक्षी दल हैं। कर्नाटक जैसे राज्य में भाजपा की सरकार है। आंकड़े देखें तो प्रदेश में लंबे समय से लोकसभा की 80 फीसदी सीटों पर भाजपा जीतती आ रही है। चौधरी कहते हैं कि पांच दशक के दौरान पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सर्वाधिक 50 फीसदी से अधिक वोट मिले। इसलिए अब भाजपा को किसी क्षेत्र और जाति की पार्टी न माना जाए। भाजपा भारतीयों की पार्टी है। इसके कारण ही हमारी केन्द्र में सरकार है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि आस्था का केंद्र

मथुरा से जुडे सवाल पर भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि हमारे लिए आस्था का केन्द्र है। जहां तक एजेंडे का सवाल है कि राम मंदिर निर्माण को 1988 के अधिवेशन में शामिल किया था। भाजपा की सरकार आई तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण में आने वाली बाधा को दूर करने का प्रयास किया। आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।

पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र

टीम घोषित करने के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कार्यकाल के मध्य में हमें कार्य करने का अवसर मिला है। उसे आगे बढ़ा रहे हैं। सभी लोग काम कर रहे हैं। हमारे संगठन में आंतरिक लोकतंत्र है। बूथ से लेकर प्रदेश और केंद्र स्तर तक कमेटी गठित करने की एक प्रकिया है। उसके बाद पदाधिकारियों की घोषणा होगी। इस हिसाब से अगले साल जनवरी तक हम संगठन की सभी इकाइयों का पुनर्गठन कर लेंगे। फिलहाल कोई दायित्व परिवर्तन नहीं किया जा रहा है। जो लोग सरकार में चले गए हैं, उनके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button