उत्तर प्रदेशबड़ी खबरबिजनौर

आगे-आगे रोडवेज, पीछे-पीछे हाथ हिलाते ड्राइवर-कंडक्टर, यूपी में दिनदहाड़े बस लेकर भागा युवक

यूपी के बिजनौर में शनिवार को अजब नजारा देखने को मिला। दिनदहाड़े रोडवेज की बस लेकर एक युवक भाग निकला। रोडवेज के कई चालकों और कंडक्टरों ने बाइक से बस का पीछा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी अपनी जीप से बस के पीछे लग गई। करीब दस से 12 किलोमीटर दूर तक पीछा होता रहा। इसी दौरान जब युवक ने अपने पीछे पुलिस की जीप और अन्य लोगों को देखा तो बस को एक खेत में उतार दिया। इस दौरान रास्ते में करीब आधा दर्जन वाहनों को भी बस ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। कई लोग घायल भी हुए हैं।

पुलिस ने बस के खेत में उतरते ही युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ में जुटी है। युवक मंदबुद्धि बताया जा रहा है। घटना के पीछे बस के चालक और कंडक्टर की लापरवाही भी मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि चालक चाभी बस में ही लगा छोड़कर नीचे उतरा था। इससे युवक को बस लेकर भागने में आसानी हो गई।

घटनाक्रम के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कौशांबी डिपो की रोडवेज बस पुराना कालागढ़ पहुंची थी। बस से सभी सवारियां उतर गईं तो ड्राइवर और कंडक्टर भी बस को खड़ी करके नीचे उतर गए। इसी दौरान एक युवक बस में चढ़ गया। उसने बस स्टार्ट किया और अफजलगढ़ की ओर लेकर तेज गति से भाग निकला। अचानक इस तरह बस के अफजलगढ़ की ओर जाते देख ड्राइवर और कंडक्टर के होश फाख्ता हो गए।

दोनों ने शोर मचाया तो कई अन्य ड्राइवर और कंडक्टर भी जुट गए। कई ड्राइवर-कंडक्टर ने बाइक से बस का पीछा शुरू कर दिया। शोर मचाते हुए रोकने की कोशिश की लेकिन तेज गति से दौड़ रही बस को रोकने में नाकाम रहे। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी बस के पीछे लग गई। तेज गति से दौड़ रही बस ने इस दौरान बाइक, कार और एक अन्य रोडवेज बस को भी टक्कर मारी। बस की चपेट में आकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में तैनात ड्राइवर सुरेश चौहान भी घायल हो गया।

बस लेकर भाग रहे युवक ने अपने पीछे पुलिस को देखा तो गांव अगवानपुर के समीप बस को सड़क किनारे गड्ढे में उतार दिया। बस रुकते ही भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने हिरासत में ले लिया। युवक का मेडिकल भी कराया गया है। पुलिस बस के ड्राइवर बिलियन राय और कंडक्टर सुरेश से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक मंदबुद्धि है और नशे में भी था। हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या कोई मंदबुद्धि व्यक्ति बस को 12 किलोमीटर तक दौड़ा सकता है?

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button