ताज़ा ख़बरमनोरंजन

भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे का होटल के कमरे से मोबाइल व जेवर चोरी, सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध

भोजपुरी फिल्म विवाह-3 की शूटिंग करने अयोध्या में रुकीं अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के कमरे से तीन कीमती मोबाइल व सोने-चांदी के जेवरात गायब हो गए। मामले की जानकारी के बाद हलचल मच गई है। लिखित शिकायत नगर कोतवाली पुलिस को दी गई है। छानबीन में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक सांवला संदिग्ध युवक नजर आया है, जिसकी शिनाख्त और तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं।

जिले में भोजपुरी फिल्म विवाह-3 की शूटिंग की जा रही है। वर्तमान में देहात क्षेत्र के रसूलाबाद क्षेत्र में शूटिंग चल रही है। शूटिंग को लेकर पहुंचा 60 सदस्यीय दल में से फिल्म के अभिनेता प्रदीप सिंह चिंटू, विलेन अवधेश मिश्र व अभिनेत्री आम्रपाली दुबे सिविल लाइन स्थित एक होटल में रुके हैं। बताया गया कि बुधवार की रात चतुर्थ फ्लोर स्थित अभिनेत्री के कमरे से तीन मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात गायब हो गए।

आशंका है कि गलती से डोर लॉक न होने के चलते कमरा खुला रह गया था। अभिनेत्री की ओर से मामले में लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस को दिए जाने के बाद हलचल मच गई। शिकायत में अभिनेत्री आम्रपाली दूबे ने तीन मोबाइल तथा सोने के कंगन, गले की चेन, छह-सात अंगूठी, नकदी व चांदी के जेवरात गायब होने की बात कही है।

छानबीन में जुटी पुलिस ने फ्लोर पर बाहरी लोगों का आवागमन रोककर एक-एक कोने की तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज तलाशा। फुटेज में सांवले रंग का एक संदिग्ध युवक दिखा है, हालांकि अभी पुलिस उसकी शिनाख्त और तलाश नहीं कर पाई है।

प्रकरण में लिखित शिकायत मिली है। तीन मोबाइल व सोने-चांदी के जेवरात गायब होने की बात कही गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखा है, जिसकी शिनाख्त और तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई है। जल्द ही नगर कोतवाली पुलिस इस मामले का खुलासा कर देगी …शैलेंद्र सिंह, सीओ सिटी।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button