देशबड़ी खबर

कांग्रेस ने चुनाव पर्यवेक्षक किए नियुक्त, मिस्त्री को राजस्थान और सुरजेवाला को मप्र की जिम्मेदारी

नई दिल्ली। कांग्रेस ने इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार को वरिष्ठ पर्यवेक्षकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की, जिनमें मधुसूदन मिस्त्री को राजस्थान और रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी लोकसभा क्षेत्रों के स्तर पर भी पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की, जो संबंधित राज्यों में चुनाव तैयारियों की निगरानी करेंगे।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मिस्त्री को राजस्थान के लिए वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है और महासचिव सुरजेवाला को बतौर वरिष्ठ पर्यवेक्षक मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह को छत्तीसगढ़ और पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपा दासमुंशी को तेलंगाना के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है।

इसके साथ ही, शशिकांत सेंथिल को राजस्थान, चंद्रकांत हंडोरे को मध्य प्रदेश, मीनाक्षी नटराजन को छत्तीसगढ़, सिरिवेल्ला प्रसाद को तेलंगाना और सचिन राव को मिजोरम के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। इन पांचों राज्यों में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्तारूढ़ है, तो शेष तीन राज्यों में विपक्ष में है।

कांग्रेस ने राजस्थान के सभी 25, मध्य प्रदेश के सभी 29 और छत्तीसगढ़ के सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों के स्तर पर भी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा को राजस्थान के अजमेर लोकसभा क्षेत्र, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा को मध्यप्रदेश के भिंड लोकसभा क्षेत्र और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को छत्तीसगढ़ के रायपुर लोकसभा क्षेत्र में पर्यवेक्षक बनाया गया है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button