देशबड़ी खबर

फिर से डराने लगा कोरोना… दिल्ली में कोविड-19 के जेएन.1 वैरिएंट का पहला मामला आया सामने

नई दिल्ली/गुरुग्राम। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में कोविड-19 के उपस्वरूप जेएन.1 का पहला मामला सामने आया है। एक अधिकारी के अनुसार, तीन नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए थे, और उनमें से एक में जेएन.1 स्वरूप की पुष्टि हुई, जबकि शेष दो में ओमीक्रोन की मौजूदगी का पता चला।

जेएन.1 स्वरूप के पहले मामले की पुष्टि करते हुए भारद्वाज ने कहा, ‘‘जेएन.1 ओमीक्रोन का उप-स्वरूप है और इसमें हल्का संक्रमण होता है। यह दक्षिण भारत में फैल रहा है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यह हल्के संक्रमण का कारण बनता है।’’ एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को कोविड-19 के नौ नए मामले आने के साथ दिल्ली में 35 से अधिक उपचाराधीन मरीज हैं। उन्होंने बताया कि पहले से कई बीमारियों से ग्रसित 28-वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जिसका प्राथमिक कारण कोविड नहीं था।

अधिकारी ने बताया, ‘‘वह व्यक्ति दिल्ली का नहीं था और उसे हाल में एक निजी अस्पताल में भेजा गया था। उसे कई अन्य बीमारियां थीं और जांच में कोविड का पता चला था। व्यक्ति का नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।’’ अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ‘मल्टी-सिस्टम इंफ्लेमेटरी सिंड्रोम’ से पीड़ित था और उसकी हालत अत्यंत नाजुक थी। उन्होंने कहा, ‘‘जांच में कोविड की पुष्टि हुई थी और ज्यादातर देखा गया है कि जब मरीज बीमारी के अंतिम चरण में होते हैं तो उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया जाता है।’’

इस बीच, गुरुग्राम में बुधवार को जेएन.1 के दो और मामले सामने आए, जिससे कुल उपचाराधीन मामलों की संख्या 10 हो गई। अधिकारियों ने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम में अब तक ऐसे कुल 12 मामले सामने आए हैं, जबकि दो लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। जिलाधिकारी निशांत कुमार यादव ने गुरुग्राम के सभी अस्पतालों को विशेष रूप से कोविड के लक्षणों वाले मरीजों के लिए अलग से ‘आइसोलेशन वार्ड’ स्थापित करने के लिए कहा है।

आदेशों के अनुसार, इन वार्ड को व्यापक देखभाल प्रदान करने के लिए आइसोलेशन बेड और ऑक्सीजन सुविधाओं सहित आवश्यक चिकित्सा बुनियादी ढांचे से सुसज्जित किया जाना चाहिए। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस के जेएन.1 उपस्वरूप के 40 नए मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही संक्रमण के इस स्वरूप के मामले बढ़कर 109 हो गए हैं। गुजरात में 36, कर्नाटक में 34, गोवा में 14, महाराष्ट्र में नौ, केरल में छह, राजस्थान और तमिलनाडु में चार-चार और तेलंगाना में दो मामले सामने आए।

उन्होंने बताया कि ज्यादातर मरीज फिलहाल घर में पृथक-वास में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 529 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,093 दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण से तीन लोगों की मौत हुई है। ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है।

इससे पहले पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी। अधिकारी ने बताया कि कई नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए थे और उनमें से एक में जेएन.1 उपस्वरूप के संक्रमण की पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत में कोविड-19 के 529 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,093 दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में कोविड-19 से कर्नाटक में दो और गुजरात में एक मरीज की मौत हुई है। ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button