कारोबारबड़ी खबर

इंडिगो इस इंटरनेशनल रूट पर शुरू करेगा फ्लाइट सर्विस, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून-बेंगलुरू के लिए शुरू की सेवाएं

हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने एक नए इंटरनेशनल रूट पर डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू करने की घोषणा की है। इंडिगो ने बताया कि वे 8 अक्टूबर से मुंबई से डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के लिए डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू करेगी, जिससे उत्तरी यूरोप में उसके इंटरनेशनल नेटवर्क का विस्तार होगा। एयरलाइन कंपनी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कल ही देहरादून और बेंगलुरू के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस की शुरुआत की है।

मुंबई से कोपेनहेगन के लिए हफ्ते में 3 फ्लाइट ऑपरेट करेगा इंडिगो

इंडिगो ने बताया कि मुंबई से कोपेनहेगन के लिए हफ्ते में 3 फ्लाइट ऑपरेट की जाएंगी और इसके लिए नॉर्स अटलांटिक एयरवेज से लीज पर लिए गए बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। एयरलाइन कंपनी ने कहा कि कोपेनहेगन, एयरलाइन कंपनी का 44वां इंटरनेशनल और कुल मिलाकर 138वां डेस्टिनेशन होगा। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा, ‘‘भारत और उत्तरी यूरोप के बीच यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए, हम मुंबई को कोपेनहेगन से जोड़ेंगे। ये विस्तार यूरोप में हमारी उपस्थिति को मजबूत करेगा और कोपेनहेगन को भारतीय यात्रियों के लिए नॉर्डिक क्षेत्र का प्रवेश द्वार बनाएगा।’’

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से बेंगलुरू के बीच शुरू की नई सेवाएं

बताते चलें कि इससे पहले, सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से बेंगलुरू के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू कर दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर नई हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के समग्र विकास और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा देहरादून और बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा उत्तराखंड के युवाओं, उद्यमियों, आईटी पेशेवरों, छात्रों और पर्यटकों के लिए भी एक बड़ी सुविधा होगी।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button