देशबड़ी खबर

मनीष सिसोदिया या सत्येंद्र जैन नहीं, देश की दयनीय स्थिति को लेकर चिंतित हूं: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि वह होली पर देश के लिए प्रार्थना करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छा काम करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि देश को लूटने वाले बच कर निकल रहे हैं। डिजिटल माध्यम से एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह देश की दयनीय स्थिति को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने कहा, सभी जानते हैं कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों का बुरा हाल है… लेकिन इन सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को सुधारने वाले दो लोग-मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन-जेल में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चिंताजनक है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के लिए अच्छा काम करने वालों को जेल में डाल दिया है, जबकि देश को लूटने वालों को गले लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, होली पर मैं देश की दयनीय स्थिति में सुधार के लिए ध्यान और प्रार्थना करूंगा। अगर आपको भी लगता है कि प्रधानमंत्री सही तरह से काम नहीं कर रहे हैं, तो आप भी होली का त्योहार मनाने के बाद देश के लिए प्रार्थना करें। केजरीवाल ने कहा, मैं सिसोदिया और जैन के जेल में होने को लेकर चिंतित नहीं हूं। वे बहादुर लोग हैं, जो देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हैं। लेकिन देश के हालात मुझे चिंता में डालते हैं।

सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस साल 26 फरवरी को दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं, जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले में पिछले साल मई में गिरफ्तार किया था। सिसोदिया और जैन ने हाल ही में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button