उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

2027 में सपा सरकार बनाने का लक्ष्य, अखिलेश यादव ने कहा- KGMU को बनाएंगे दुनिया का बेहतरीन संस्थान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो ‘किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) को दुनिया का ‘बेहतरीन संस्थान’ बनाया जाएगा। अखिलेश, केजीएमयू में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने के लिए आए थे। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन (एक जुलाई) से एक दिन पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने केजीएमयू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया था।

यादव ने इस मौके पर कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनी तो केजीएमयू को दुनिया का ‘बेहतरीन संस्थान’ बनायेंगे। समाजवादी पार्टी ने ‘एक्स’ पर यादव के बयान को साझा किया। पोस्ट में कहा गया कि केजीएमयू सिर्फ देश का नहीं बल्कि दुनिया का प्रतिष्ठित संस्थान है। पोस्ट में अखिलेश के हवाले से कहा गया, “राज्य में अगर समाजवादी सरकार बनेगी तो दुनिया का बेहतरीन संस्थान बनाने के लिए जितना भी संसाधन देना पड़ेगा देंगे और गरीबों को सुविधा दिलाने का काम करेंगे।”

अखिलेश ने कहा, “पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार के हमारे सभी समर्पित कार्यकर्ता जो आज (सोमवार) रक्त दान शिविर में शामिल हो रहे हैं, मैं उन सभी का धन्यवाद और आभार प्रकट करना चाहता हूं।” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह (पीडीए) समाज के उन सभी वर्गों को एकजुट करने का आंदोलन है, जो पीड़ित, उत्पीड़ित, परेशान और अपमानित हैं।

उन्होंने नदियों में प्रदूषण के मुद्दे को लेकर सरकार पर आरोप लगाया, “बजट की बंदरबांट हो रही है और नदियां साफ नहीं हो रहीं हैं। इसलिए आज गोमती गंदी है। सपा शासन में यह खूबसूरत बन रही थी, लेकिन उन्होंने (सत्तारूढ़ भाजपा ने) इसे बर्बाद कर दिया।” अखिलेश ने गोमती ‘रिवरफ्रंट’ पर वीरांगना उदा देवी की प्रतिमा स्थापित करने और स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान में एक स्मारक बनाने की योजना की भी घोषणा की। अखिलेश का जन्म एक जुलाई 1973 को इटावा के सैफई में हुआ था।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button