उत्तर प्रदेशबड़ी खबरभदोही

अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को मिली जमानत, बाहर आते ही किशोरी को फिर किया अगवा

भदोही में एक किशोरी का अपहरण कर उससे दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक ने फिर पीड़िता को कथित तौर पर अगवा कर लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि इस मामले में किशोरी की मां की शिकायत पर आशीष सरोज (23) और उसके पिता फागू राम सरोज, मां जय देवी और उसके ताउ राम प्रसाद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में बुधवार को कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली इलाके की एक किशोरी का आशीष सरोज ने पांच अप्रैल 2024 को कथित तौर पर अपहरण कर उससे तीन माह तक दुष्कर्म किया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में किशोरी को बरामद कर विधिक कार्रवाई के बाद आशीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

जमानत मिलने के बाद, आरोपी ने फिर किशोरी को किया अगवा

मांगलिक ने बताया कि इस मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पाक्सो) मधु डोगरा की अदालत में की जा रही है जिसमें आज किशोरी के पिता का बयान दर्ज होना था। इस मुकदमे में पिछले माह आशीष को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी। अभिमन्यु मांगलिक ने बताया 22 मार्च 2025 को आशीष ने पीड़िता का कथित तौर पर फिर से अपहरण कर लिया। किशोरी की मां ने आशीष के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी बेटी के अपहरण के बारे में आशीष के मां-बाप और ताउ को पूरी जानकारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया पुलिस टीम लगी हुई है और किशोरी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

गाजियाबाद में भी घटी ऐसी घटना

इसी तरह की एक घटना गाजियाबाद में देखने को मिली है, जहां एक नाबालिग का कथित तौर पर अपहरण कर दो व्यक्ति उसे कब्रिस्तान ले गए और उससे दुष्कर्म किया। आरोपियों में से एक पीड़िता का परिचित है। पुलिस ने यह जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इजराइल और अशरफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना मोदीनगर के निवाड़ी क्षेत्र में सोमवार अपराह्न की है जब एक आरोपी ने लड़की को पानी की टंकी के पास बुलाया और पीड़िता के वहां पहुंचने पर आरोपी तथा उसका मित्र जबरन उसे मोटरसाइकिल पर बैठकर कब्रिस्तान ले गए। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ने नाबालिग से कथित तौर पर दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आसपास के क्षेत्र पर नजर रख रहा था।

(इनपुट-भाषा)

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button