उत्तराखंडताज़ा ख़बर

शिवराज और धामी ने मृतक रामसजी, बांके बिहारी के रिश्तेदारों से की बात

  • मप्र के मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की प्रशंसा की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उत्तरकाशी के पुरोला यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के डामटा बस दुर्घटना में मारे गए रामसजी एवं बांके बिहारी के रिश्तेदार कृष्ण बिहारी द्विवेदी से बातचीत की। मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए रिश्तेदारों को ढांढस बंधाया। हेलीपैड से सीएम घटनास्थल के लिए रवाना हुए। इस घटना में कुल 26 लोगों की मौत हुई है जबकि 04 घायल बताए जा रहे हैं। उनका उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-‘वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से लगातार संपर्क में रहे। मैं रात को 12 बजे देहरादून पहुंच गया था। बस हादसे में घायल मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के श्रद्धालुओं को देखने देर रात देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल पहुंचा। घायलों के इलाज में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। इलाज के संदर्भ में डॉक्टर्स से भी चर्चा की। घायलों के इलाज की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। हमारा पूरा प्रयास है कि बेहतरीन इलाज के साथ सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हो सकें।’

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा-तीर्थ यात्री बस हादसे के बाद मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के राहत-बचाव कार्य में तत्परता और सेवा भाव के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनकी प्रशासनिक टीम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के प्रति मैं ही नहीं बल्कि पूरा मध्य प्रदेश हृदय से आभारी है। रात को ही सभी भाई-बहनों के पार्थिव देह को खाई से निकाल लिया गया था और पोस्टमार्टम हो गया था। अब सभी पार्थिव देह देहरादून लाए जा रहे हैं।’

शिवराज ने कहा -‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आज प्रात: फोन पर उत्तराखण्ड में बस हादसे में पन्ना के दिवंगत भाई-बहनों के पार्थिव देह को एयरफोर्स के विमान से ससम्मान मध्य प्रदेश पहुंचाने के लिए आग्रह किया। उन्होंने मेरा अनुरोध स्वीकार किया। मैं उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। अपराह्न दो बजे तक पार्थिव शरीरों को रवाना कर दिया जाएगा। हमारी कोशिश है कि हम पूरे सम्मान के साथ मध्य प्रदेश उनको पहुंचा पाएं और आज ही उनका अंतिम संस्कार हो जाए।’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उत्तरकाशी के पुरौला में डामटा के पास हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना के दृष्टिगत मृतकों के परिजनों को 1 लाख रुपये एवं घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हर मृतक के परिवार को पांच लाख और घायलों को समुचित उपचार के साथ 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button